मध्य प्रदेश में अपना दल (एस) ने की समृद्ध संगठन अभियान की घोषणा

www.daylife.page 

भोपाल । अपना दल (एस) मध्य प्रदेश द्वारा 14 सितम्बर से 26 अक्टूबर के बीच समृद्ध संगठन अभियान के तहत राज्यभर में संभागीय बैठकें आयोजित की जाएंगी। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य संगठन की मजबूती और विस्तार पर चर्चा करना है, जिसमें पार्टी के कार्यकर्ताओं और सभी कार्यकारी पदाधिकारियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। राजनीतिक रणनीतिकार अतुल मलिकराम के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान के अंतर्गत संभागीय बैठकों की श्रृंखला की शुरुआत 14 सितम्बर को इंदौर शहर में मालवा-निमाड़ क्षेत्र से होगी। 

इसके बाद, 21 सितम्बर को मध्य क्षेत्र के भोपाल में बैठक आयोजित की जाएगी। 28 सितम्बर को ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के ग्वालियर शहर में बैठक होगी, जबकि महाकौशल क्षेत्र की बैठक 5 अक्टूबर को जबलपुर में होगी। इसके अतिरिक्त 19 अक्टूबर को विंध्य क्षेत्र के रीवा शहर में और अंत में 26 अक्टूबर को बुंदेलखंड क्षेत्र के सागर शहर में बैठक आयोजित की जाएगी। प्रत्येक बैठक में कार्यकर्ताओं समेत सभी कार्यकारी पदाधिकारी शामिल होंगे, और संगठन की मजबूती के लिए आवश्यक गतिविधियों और रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की करेंगे। 

इस बारे में अधिक जानकारी देते हुए अतुल मलिकराम ने बताया कि, इन बैठकों का उद्देश्य न केवल संगठन के कार्यों को मजबूती प्रदान करना है, बल्कि पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद स्थापित करना भी है। हम प्रदेश में तीसरे सबसे बड़े राजनीतिक दल के रूप में उभरने के मार्ग पर हैं, जो मध्य प्रदेश की राजनीतिक मांग भी है। सामाजिक न्याय और विकास के ध्येय के साथ हमें गरीब, शोषित, वंचित वर्ग की आवाज को बुलंद करना है तथा प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलना है।

अपना दल (एस) के प्रदेश नेतृत्व ने उम्मीद जताई है कि इन बैठकों के माध्यम से संगठनात्मक ढांचे को अधिक सशक्त और समृद्ध बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे। पार्टी का मानना है कि इस प्रकार की बैठकों से न केवल संगठन की नींव मजबूत होगी बल्कि कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार भी होगा।

समृद्ध संगठन अभियान का यह कार्यक्रम पार्टी की आगामी रणनीतियों और कार्यकर्ताओं के समर्पण को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। (प्रेनो)