एटा पुस्तक महोत्सव : विचारों और प्रतिभाओं का संगम : ज्ञानेन्द्र रावत

www.daylife.page 

एटा। देश में पुस्तक मेलों का आयोजन समय-समय पर होता रहता है।नयी दिल्ली में प्रति वर्ष होने वाला विश्व पुस्तक मेला और राज्यों की राजधानियों में भी प्रति वर्ष इसी तर्ज पर पुस्तक मेलों का आयोजन होता है जिसमें ख्यातनामा प्रकाशक भाग लेते हैं। लेकिन उप्र के एटा जिले के राजकीय इंटर कालेज के प्रांगण में स्व. बृजपाल सिंह यादव की स्मृति में हर साल लगने वाला पुस्तक महोत्सव अपने आप में विलक्षण इसलिए है कि इसमें जहां समीपस्थ जिलों के हजारों छात्र-छात्राएं-शिक्षक-  अभिभावक व सामान्य जन भाग लेते हैं। यही नहीं इस दौरान यहां उन छात्र-छात्राओं द्वारा समसामयिक मुद्दों पर वाद-विवाद प्रतियोगिताएं, रंगोली, पेन्टिंग, पोस्टर, संगीत, गायन, वादन के अलावा राष्ट्रीय विषयों सम्बंधी संगोष्ठियों का भी आयोजन होता है। साथ ही यहां हाई स्कूल व इंटर की बोर्ड परीक्षा में जनपद में सर्वोच्च स्थान प्राप्त छात्रों को सम्मानित किया जाता है और निर्धन-साधनहीन छात्र-छात्राओं को शिक्षा अध्ययन हेतु पाठ्य सामग्री, पुस्तकों, बैग व अन्य आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाती है। असलियत में इस पुनीत एवं उत्कृष्ठ प्रयास हेतु इसी कालेज के पुरातन छात्र रहे वर्तमान में मैनपुरी में पदस्थापित अनेकों ख्यातनामा सम्मान से सम्मानित ए आर एम श्री संजीव यादव की जितनी भी प्रशंसा की जाये, वह कम है। उन्हीं का अप्रतिम प्रयास है कि इस जनपद से गन कल्लर का कलंक मिट सका है और आज जिला बुक कल्लर के लिए जाना जाने लगा है। गौरतलब है कि इस पुस्तक महोत्सव में कालेज के पुरातन छात्र जिन्होंने देश में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा के बलबूते एक प्रमुख स्थान हासिल किया है, सहभागिता करते हैं, के अलावा देश की जानी-मानी हस्तियां भी शिरकत करती रही हैं।

विगत वर्ष की भांति ही इस वर्ष भी  5 से 8 दिसम्बर को एटा में राजकीय इंटर कालेज प्रांगण में लगने वाले पुस्तक महोत्सव में देश की जानी-मानी हस्तियां शामिल होंगी। इस वर्ष  6 दिसम्बर को आयोजित " गांधी का ट्रस्टीशिप का सिद्धांत व पर्यावरण " विषय पर संगोष्ठी में मैगसैसे पुरस्कार से सम्मानित प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता डा० संदीप पाण्डेय, प्रसिद्ध पर्यावरणविद पद्मश्री राजा लक्ष्मण सिंह व पद्मश्री उमा शंकर पाण्डेय, प्रख्यात गांधीवादी विचारक व गांधी विचारों के प्रचारक-प्रसारक रमेश भाई, वरिष्ठ पत्रकार एवं पर्यावरण मामलों के जानकार  पंकज चतुर्वेदी, संयुक्त राष्ट्र द्वारा सम्मानित पर्यावरणविद व उत्तराखंड प्लास्टिक विरोधी अभियान की प्रमुख देहरादून की ग्राफिक्स इरा यूनिवर्सिटी की डा. अनुभा पुंढीर, पर्यावरणविद राजस्थान के रामभरोस मीणा, लोकनायक जय प्रकाश अंतरराष्ट्रिय अध्ययन विकास केन्द्र के महासचिव अभय सिन्हा, वाटर हीरो रामबाबू तिवारी, विश्व जल परिषद फ्रांसके सदस्य डा. जगदीश चौधरी आदि भाग लें रहे हैं। गौरतलब है कि इस वर्ष भी पुस्तक महोत्सव में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजयी छात्र-छात्राओं को गत वर्ष की भांति ही दिल्ली विश्व पुस्तक मेले का निशुल्क पुस्तक महोत्सव समिति द्वारा भ्रमण कराया जायेगा। मेरा जनपद के सभी शिक्षाविदों, समाजसेवियों, बुद्धिजीवियों व सामान्य जनों से विनम्र अनुरोध है कि वह इस पुस्तक महोत्सव के इस पुनीत प्रयास के न केवल सहभागी बने व जिले में इस तरह के इस अनूठे यज्ञ में हर संभव सहयोग दे आयोजकों का उत्साह वर्धन कर अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करें।